मुरैना जिले के सबलगढ़ में महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर स्थानीय आरसीएल गार्डन में बुधवार को दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक एक विशेष मेले का आयोजन किया गया, जहां लोक संस्कृति, खान-पान और मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिला।

मेले में सजीं लजीज व्यंजनों की स्टॉल

आयोजन समिति के अनुसार, इस मेले में कुल 10 स्टॉल लगाई गईं थीं। इनमें बच्चों द्वारा चाट, फुल्की, समोसा और स्वीट कॉर्न जैसी स्वादिष्ट चीजों के स्टॉल प्रमुख आकर्षण का केंद्र रहे, जिनका सभी आगंतुकों ने लुत्फ उठाया।

फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में चमके बाल कलाकार

जयंती महोत्सव के तहत आयोजित प्रतियोगिताओं में बच्चों ने भारी उत्साह दिखाया। आठ वर्ष तक की आयु के लगभग 35 बच्चों ने फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और मंच पर अपनी कला का प्रदर्शन किया।

इस दौरान छोटे-छोटे बच्चों ने अर्धनारीश्वर, माता सीता, पार्वती, खाटू श्याम, माता माधवी और जगन्नाथ जी महाराज जैसे मनमोहक धार्मिक स्वरूप धारण किए थे, जिन्हें देखकर दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए।

डांस मुकाबलों ने बांधा समां

फैंसी ड्रेस के अलावा नृत्य प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें 12 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। बच्चों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर पूरे परिसर में उत्सव का माहौल बना दिया।

इस रंगारंग आयोजन में अग्रवाल समाज के 100 से अधिक पुरुष और महिलाएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में समाज के पदाधिकारियों और महिला इकाई का विशेष योगदान रहा।

इस अवसर पर समाज के अध्यक्ष नीरज बजाज के साथ ही महिला अध्यक्ष रेणुका बंसल, उपाध्यक्ष अलका बंसल, कोषाध्यक्ष रेणुका मंगल, सचिव संगीता गोयल, शहर सचिव रीना गोयल, नीलिमा चौधरी, रीना रत्नेश गर्ग, सीमा बंसल और जूली सिंघल सहित तमाम गणमान्य लोग मौजूद रहे।