अंचल के मुरैना जिले में उस वक्त हड़कंप मच गया जब बागचीनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले हड़वांसी की पुलिया के पास एक सूखी कैनाल के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में खड़ी स्कॉर्पियो गाड़ी के भीतर एक व्यक्ति का शव मिला।

ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस

बुधवार की सुबह जब स्थानीय ग्रामीणों की नजर इस सूखी नहर में लावारिस हालत में फंसी स्कॉर्पियो पर पड़ी, तो उन्हें शक हुआ। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब वाहन के अंदर देखा, तो उसमें एक व्यक्ति मृत अवस्था में मिला, जो गाड़ी में अकेला था।

मृतक की शिनाख्त सत्येंद्र उर्फ सत्यदेव उर्फ धारा पचौरी (उम्र 40 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से सिकरौदा का रहने वाला था और वर्तमान में बागचीनी थाना क्षेत्र के सांटा गांव में निवास कर रहा था।

गंभीर आपराधिक मामलों में लिप्त था मृतक

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक सत्येंद्र उर्फ धारा पचौरी एक आदतन अपराधी था। उसके खिलाफ मुरैना के विभिन्न थानों के अलावा ग्वालियर समेत अन्य जिलों में भी कई संगीन मुकदमे दर्ज थे।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक पर लूट, हत्या, हत्या का प्रयास और एट्रोसिटी एक्ट जैसे कई गंभीर अपराधों के मामले दर्ज थे। आपराधिक पृष्ठभूमि के चलते पुलिस इस मामले को रंजिश से जोड़कर भी देख रही है।

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, हत्या की आशंका

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल को अपने कब्जे में ले लिया और एफएसएल (FSL) की टीम को मौके पर बुलाया गया। फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स ने गाड़ी के अंदर से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि सत्येंद्र वहां तक कैसे पहुंचा और आखिरी समय में वह किसके संपर्क में था।

जांच के दौरान पुलिस के सामने प्रॉपर्टी के विवाद और पुरानी दुश्मनी के पहलू भी सामने आए हैं। हाल ही में किसी विवादित संपत्ति को खरीदने और उसे सुलझाने के मामलों में भी उसका नाम चर्चा में रहा था।

बागचीनी थाना प्रभारी कुलदीप राजपूत ने बताया कि मृतक के विरुद्ध कई गंभीर अपराध दर्ज थे और उसका शव स्कॉर्पियो के भीतर से बरामद हुआ है। प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला प्रतीत होता है। एफएसएल टीम घटनास्थल की जांच कर रही है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह साफ हो सकेगी।