मुरैना जिले के भिंड रोड पर बुधवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। यहां शहीद पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रही एक तेज रफ्तार मारुति सुजुकी ईको कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर सवार दोनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

मंदिर दर्शन कर लौट रहे थे दोनों मृतक

घटना की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि पोरसा के गांधी नगर निवासी 38 वर्षीय मनीष जैन पुत्र राजेंद्र जैन बुधवार सुबह अपनी बाइक पर सवार होकर भिंड के गोरमी स्थित सुकांड जैन मंदिर में दर्शन करने गए थे। दर्शन करने के पश्चात मंदिर के पुजारी 58 वर्षीय आनंद जैन पुत्र प्रकाशचंद्र जैन, निवासी दीक्षित मोहल्ला गोरमी, कुछ जरूरी सामान और सब्जी लेने के लिए मनीष के साथ पोरसा की तरफ आ रहे थे।

गलत दिशा से आ रही थी ईको कार

जब दोनों भिंड रोड पर स्थित शहीद पेट्रोल पंप के करीब पहुंचे, तभी पोरसा की तरफ से आ रही मारुति सुजुकी ईको कार (नंबर MP 07 AL 0358) ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार गलत दिशा से आ रही थी। कुछ लोगों का यह भी कहना था कि चालक गाड़ी चलाते समय मोबाइल फोन पर बात कर रहा था और अचानक सड़क पर गोवंश आ जाने के कारण कार अनियंत्रित हो गई।

हालांकि, हादसे की असल वजह क्या थी, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो पाई है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच के बाद ही दुर्घटना के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।

कार छोड़कर भागे सवार, पुलिस जांच में जुटी

दर्दनाक हादसे को अंजाम देने के बाद ईको कार में सवार चालक समेत तीनों लोग मौके पर ही वाहन छोड़कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।

पोरसा थाना प्रभारी टीआई जयदीप भदौरिया ने इस मामले पर जानकारी देते हुए बताया कि दुर्घटना में शामिल ईको कार को पुलिस ने जब्त कर लिया है। फरार चालक और अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।