मुरैना जिले के रामपुर कलां थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ऐचवाड़ा घाट पर शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहाँ कुंवारी नदी में नहाने उतरा 17 वर्षीय किशोर तेज बहाव के बीच पानी में समा गया। घटना के बाद से ही इलाके में सनसनी फैल गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

दोस्तों के साथ उतरा था नदी में

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ऐचवाड़ा निवासी सुंदरम जादौन पुत्र रामबाबू जादौन अपने दो अन्य साथियों संतोषी कुशवाहा और देव रजक के साथ दोपहर करीब दो से ढाई बजे के बीच कुंवारी नदी के ऐचवाड़ा घाट पर पहुंचा था। तीनों किशोर नदी में नहाने के लिए उतरे थे, तभी सुंदरम गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आ गया।

खेत रखवाले ने दी परिजनों को सूचना

घटना के वक्त नदी के समीप ही अपने खेत की रखवाली कर रहे पुन्ना कुशवाहा ने सुंदरम को पानी में तीन बार ऊपर-नीचे उछलते हुए देखा। यह भयानक मंजर देख उन्होंने तुरंत गांव की तरफ दौड़ लगाई और किशोर के परिजनों को इस अनहोनी की जानकारी दी।

खबर मिलते ही परिवार के लोग और भारी संख्या में ग्रामीण फौरन ऐचवाड़ा घाट पर इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों ने बिना देर किए खुद ही नदी में उतरकर किशोर की खोजबीन शुरू कर दी।

तेज बहाव और प्रशासनिक देरी से परेशानी

ग्रामीणों में रतिराम कुशवाहा, पन्ना कुशवाहा, शालू जादौन और धर्म सिंह जादौन समेत कई लोगों ने घंटों नदी के पानी में संघर्ष किया, लेकिन तेज जलप्रवाह के कारण उन्हें सफलता नहीं मिली। उधर, रामपुर पुलिस को सूचना मिलने पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और एनडीआरएफ टीम आने की बात कही गई, परंतु शाम सात बजे तक कोई भी आधिकारिक बचाव दल मौके पर नहीं पहुँचा।

अंधेरा होने तक ग्रामीण अपने स्तर पर ही मशक्कत करते रहे, लेकिन सुंदरम का कुछ पता नहीं चल सका।

अब एसडीआरएफ संभालेगी मोर्चा

रामपुर थाना प्रभारी आरके वर्मा ने इस मामले पर बताया कि कुंवारी नदी में इस समय पानी का बहाव बेहद तेज है, जिस वजह से स्थानीय स्तर पर गोताखोरों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। थाना प्रभारी के मुताबिक, अब एसडीआरएफ की टीम के आने के बाद शनिवार को नए सिरे से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जाएगा।