मुरैना जिले के अंबाह थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली चिरपुरा रोड पर चोरों ने एक बार फिर आतंक मचाया है। रविवार और सोमवार की दरमियानी रात बदमाशों ने दो घरों को अपना निशाना बनाया। एक घर से सोने-चांदी के आभूषणों के साथ नकदी चोरी हुई, वहीं दूसरे घर से मोबाइल फोन पार कर दिए गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

एक घर से मंगलसूत्र और नकदी ले गए चोर

पीड़ित माया देवी ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि उनके घर में चोरों ने धावा बोला। बदमाश उनकी बहू का सोने का मंगलसूत्र, चांदी की पायल और पर्स में रखे दो हजार रुपए चुरा ले गए। इसके साथ ही घर में रखी बेटों की गुल्लक को भी नहीं छोड़ा गया, जिसमें से पंद्रह सौ रुपए गायब मिले। परिवार के लोगों का यह भी कहना है कि चोर कुछ नकली जेवर भी अपने साथ ले गए हैं।

पड़ोसी के घर से दो मोबाइल फोन चोरी

चोरों ने माया देवी के ठीक बगल में रहने वाले पड़ोसी अंशु प्रजापति के घर को भी निशाना बनाया। अंशु के घर से बदमाशों ने दो मोबाइल फोन चुरा लिए। दोनों ही मामलों में पीड़ित परिवारों ने स्थानीय पुलिस थाने में घटना की सूचना दे दी है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

दस दिन के भीतर अंबाह में चौथी चोरी

स्थानीय निवासियों का कहना है कि अंबाह इलाके में कानून व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं क्योंकि पिछले दस दिनों के भीतर चोरी की यह चौथी बड़ी वारदात सामने आई है। इससे पहले भी शहर के विभिन्न हिस्सों में चोर पुलिस को लगातार चुनौती दे रहे हैं।

इससे महज तीन दिन पहले दोहरी रोड पर रहने वाले राजकुमार प्रजापति के घर भी चोरी हुई थी। उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर से सोने की झुमकी, दो अंगूठियां, चांदी की चूड़ियां, सोलह लच्छे और एक मोबाइल फोन चोरी हो गया है। इसके अलावा 28 सितंबर को दोहरी रोड पर अंबेडकर पार्क के समीप एक किराना दुकान का शटर तोड़कर करीब तीस हजार रुपए की नकदी चोरी किए जाने का मामला भी सामने आया था, जिसकी जांच पुलिस कर रही है।