मुरैना जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नैनागढ़ रोड पर एक महिला द्वारा आत्मघाती कदम उठाने का मामला सामने आया है। यहां सोमवार तड़के एक महिला ने घर की चौथी मंजिल से नीचे कूदकर अपनी जान देने की कोशिश की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

घटना का वीडियो आया सामने

यह घटना सोमवार तड़के करीब साढ़े तीन से चार बजे के बीच की बताई जा रही है, जिसका वीडियो अब सामने आया है। सामने आए फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि महिला इमारत की सबसे ऊपरी मंजिल की छत पर मौजूद थी और अचानक नीचे कूद गई।

घटना के समय नीचे खड़े परिजनों और आसपास के लोगों ने उसे बचाने के लिए काफी प्रयास किए। वीडियो में एक छोटा बच्चा लगातार 'मम्मी-मम्मी' पुकारते हुए रो रहा है, वहीं उसका पति भी नीचे खड़े होकर उसे समझाने और चाबी मांगने का प्रयास कर रहा था।

करीब एक महीने पहले किराए पर रहने आया था परिवार

स्थानीय पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह दंपति मूल रूप से अंबाह का रहने वाला है। यह परिवार करीब एक महीने पहले ही नैनागढ़ रोड स्थित रामहेत सिकरवार के मकान में किराए पर रहने आया था। घर का सामान भी अभी पूरी तरह व्यवस्थित नहीं हो पाया था और उन्होंने हाल ही में यहां दूध डेयरी की दुकान भी शुरू की थी।

सोमवार की सुबह डेयरी का काम होने के कारण पति और कुछ अन्य लोग पहले से ही जागे हुए थे, जबकि कुछ लोग मॉर्निंग वॉक के लिए भी निकल रहे थे। इसी दौरान महिला अचानक मकान की छत पर जा पहुंची।

आधे घंटे तक चली समझाइश, लेकिन नहीं मानी

महिला को छत पर खड़े देख पति और बच्चे ने तुरंत उसे नीचे उतरने की गुहार लगाई। शोर शराबा सुनकर आसपास के लोग और अन्य महिलाएं भी अपनी छतों पर आ गईं। करीब आधे घंटे तक सभी लोग मिलकर महिला को शांत करने और नीचे उतरने के लिए समझाते रहे।

तमाम कोशिशों के बावजूद जब महिला नहीं मानी, तो उसने अचानक नीचे छलांग लगा दी। ऊंचाई से गिरने के कारण वह बुरी तरह जख्मी हो गई। घटना के तुरंत बाद पति ने अपनी कार से उसे मुरैना जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे पहले ग्वालियर और बाद में दिल्ली रेफर कर दिया गया। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि किन परिस्थितियों के चलते महिला को यह कदम उठाना पड़ा।