मुरैना जिले के सबलगढ़ अंतर्गत रामपुर कलां थाना क्षेत्र के बड़ा निठारा गांव में एक दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां पिछले तीन दिनों से लापता चल रहे 32 वर्षीय अतिथि शिक्षक अनार सिंह रावत का शव बुधवार शाम एक खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया।
20 सितंबर से हो गए थे लापता
जानकारी के अनुसार मृतक अनार सिंह उज्जैन की खाचरौद तहसील में अतिथि शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। परिजनों ने बताया कि वे गत 20 सितंबर को अपने ममेरे भाई सौरभ रावत डिगवार को फोन करने के बाद से अचानक गायब हो गए थे। इसके बाद उनका मोबाइल फोन भी बंद हो गया और परिजनों से उनका कोई संपर्क नहीं हो सका।
परिजनों का कहना है कि अनार सिंह बस के जरिए रामपुर पहुंचे थे, लेकिन वे अपने घर नहीं लौटे। जब काफी तलाश करने के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं लगा, तो परिवार के लोग उनकी लगातार खोजबीन कर रहे थे।
रामदयाल रावत के खेत में मिला शव
बुधवार की शाम को बड़ा निठारा गांव निवासी रामदयाल रावत के खेत में बिजली के ट्रांसफार्मर के पास अनार सिंह का शव देखा गया। मृतक की पहचान छोटे निठारा गांव निवासी हरिशंकर रावत के पुत्र अनार सिंह रावत के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई।
शव की हालत काफी खराब थी, उस पर कीड़े पड़ चुके थे और तीव्र दुर्गंध आ रही थी। प्रथम दृष्टя शव करीब चार से पांच दिन पुराना प्रतीत हो रहा था और उसका चेहरा भी पहचान में नहीं आ रहा था।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
घटनास्थल पर ट्रांसफार्मर के पास शव मिलने के कारण परिजनों ने शातिर तरीके से करंट देकर हत्या किए जाने की आशंका व्यक्त की है। हालांकि, पुलिस प्रशासन ने अभी तक किसी भी प्रकार की हत्या की पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
रामपुर कलां थाना प्रभारी अजय बेंसाधर ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को सूचना मिलते ही दल-बल के साथ मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत विवेचना के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!