मुरैना जिले के अंबाह कस्बे की चंबल कॉलोनी में रहने वाली 25 वर्षीय रेशमा चौहान ने घरेलू कलह से परेशान होकर चूहा मारने वाली दवा खा ली। इस घटना के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके चलते उन्हें तत्काल अंबाह सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल मुरैना रेफर कर दिया गया।

विवाद के बाद उठाया आत्मघाती कदम

जानकारी के अनुसार, सुबह रेशमा और उनके पति अंकुश चौहान के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई थी। विवाद के बाद पति कमरे में चले गए और रेशमा घर का काम करने लगीं। इसी बीच, कुछ देर बाद वह घर से बाहर निकलीं और चुपचाप चूहा मारने वाली दवा का सेवन कर लिया। जब उनकी तबीयत बिगड़ने लगी, तो परिवार के अन्य सदस्य उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे।

पति की शराब की लत बनी कलह की मुख्य वजह

अस्पताल में महिला की सास ने बताया कि उनका बेटा अंकुश शराब पीने का आदी है। वह आए दिन शराब पीकर घर में कलह करता है, और इसी लत की वजह से पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे। सास के अनुसार, इन्हीं लगातार हो रहे विवादों से तंग आकर बहू ने यह आत्मघाती कदम उठाया।

अंबाह सिविल अस्पताल में डॉक्टरों ने शुरुआती इलाज के तौर पर महिला को उल्टी कराने की दवा दी, लेकिन स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें तत्काल जिला अस्पताल मुरैना भेज दिया गया। फिलहाल, महिला का इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।