मुरैना जिले के सबलगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इलाके में छात्रों के बीच उपजा मामूली विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। रानीपुरा रोड पर स्थित एक कोचिंग संस्थान के बाहर वाहन हटाने को लेकर शुरू हुई मामूली कहासुनी देखते ही देखते सड़क पर लात-घूंसे चलने तक पहुंच गई।
वाहन हटाने को लेकर हुआ था विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह पूरी घटना मांगरोल निवासी दीपक रावत और रूपा की तोर निवासी रामू जादौन के बीच हुई। दोनों पक्षों में केवल वाहन हटाने को लेकर बहस शुरू हुई थी, जो कुछ ही पलों में गंभीर संघर्ष में तब्दील हो गई। आरोप है कि इसके बाद रामू जादौन और राहुल जादौन ने अपने अन्य साथियों को भी वहां बुला लिया और दीपक रावत के साथ मारपीट की।
राहगीर बनाते रहे वीडियो, मंचा रहा हंगामा
इस मारपीट के दौरान मुख्य मार्ग पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और राहगीरों का जमावड़ा लग गया। मौके पर मौजूद कई लोग इस हंगामे को शांत कराने के बजाय अपने मोबाइल फोन से वीडियो रिकॉर्ड करते नजर आए। बाद में यही वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो गया।
जब सोशल मीडिया के माध्यम से यह वीडियो सबलगढ़ थाना पुलिस तक पहुंचा, तो प्रशासन हरकत में आया। पुलिस ने वीडियो में नजर आ रहे युवकों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू की और दोनों पक्षों को थाने तलब किया।
नाबालिग पाए जाने पर परिजनों को दी गई समझाइश
पुलिस की छानबीन में यह बात सामने आई कि इस विवाद में शामिल छात्र नाबालिग हैं। युवाओं के भविष्य और करियर को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों के अभिभावकों को थाने बुलाया और उन्हें स्थिति से अवगत कराया।
सबलगढ़ थाना प्रभारी पंकज मुद्गल ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच में छात्र नाबालिग निकले और दोनों पक्षों ने कोई औपचारिक कानूनी कार्रवाई नहीं चाही। इसके बाद परिजनों की मौजूदगी में उन्हें हिदायत देकर मामला शांत करा दिया गया है तथा बच्चों पर नजर रखने की सलाह दी गई है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!