मुरैना शहर के बाल निकेतन रोड स्थित बांदिल नर्सिंग होम में एक 27 वर्षीय युवक की उपचार के दौरान मौत का मामला तूल पकड़ गया है। मृतक के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इस घटना के बाद से अस्पताल परिसर में तनाव की स्थिति बनी रही, जिसे संभालने के लिए पुलिस बल तैनात करना पड़ा।

एक्सीडेंट के बाद कराया गया था भर्ती

जानकारी के अनुसार, 27 वर्षीय राहुल खरे किसी सड़क हादसे में घायल हो गए थे। परिजन उन्हें सोमवार को बांदिल नर्सिंग होम लेकर पहुंचे थे। यहां डॉक्टर संजीव बांदिल ने सोमवार शाम करीब 6 बजे राहुल की जांघ का ऑपरेशन किया था। परिजनों का आरोप है कि सर्जरी के कुछ घंटों बाद ही राहुल की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी, लेकिन अस्पताल की तरफ से समय पर ध्यान नहीं दिया गया।

परिजनों ने काटा हंगामा, पुलिस मौके पर पहुंची

मंगलवार की सुबह राहुल की मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। मृतक के भाई जितेंद्र और बहन राजेश्वरी समेत अन्य रिश्तेदारों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया और लापरवाही के साथ-साथ ओवरडोज देने के आरोप भी लगाए। हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और स्थिति को नियंत्रित किया।

पुलिस ने दर्ज किया मर्ग, पीएम रिपोर्ट का इंतजार

कोतवाली थाने के एसआई पवन भदौरिया ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मंगलवार देर शाम मर्ग कायम कर लिया है। मृतक के शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा और उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस बीच यह बात भी सामने आई है कि डॉ. संजीव बांदिल जिला चिकित्सालय में शासकीय सेवा में कार्यरत हैं और इसके साथ ही निजी नर्सिंग होम का संचालन भी करते हैं। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है।