जौरा थाना क्षेत्र का मामला
मुरैना जिले के जौरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली हॉस्पिटल रोड की मस्जिद वाली गली में बुधवार देर शाम पुलिस एक कार्रवाई के सिलसिले में पहुंची थी। पुलिस को देखकर वहां जुआ खेल रहे लोगों के बीच अफरातफरी मच गई और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इसी दौरान पुलिस से बचने के लिए भाग रहे सुरजा गुप्ता उर्फ कल्ला पुत्र सुभाष चंद्र जमीन पर गिर पड़े, जिससे उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
परिजनों और व्यापारियों का थाने पर प्रदर्शन
युवक की मौत की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों और व्यापारियों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया। गुरुवार सुबह मृतक के परिजन, व्यापारी और कांग्रेस विधायक पंकज उपाध्याय जौरा थाने पहुंचे और थाने का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों का आरोप है कि पुलिस की लापरवाही और भगदड़ के कारण यह हादसा हुआ है, इसलिए वे जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग पर अड़े हुए हैं।
वीडियोग्राफी के बीच हुआ पोस्टमॉर्टम
घटना के अगले दिन यानी गुरुवार की सुबह मृतक सूरज गुप्ता के शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराया गया। पूरी पोस्टमॉर्टम प्रक्रिया की प्रशासनिक निगरानी में वीडियोग्राफी भी करवाई गई। हालांकि, मृतक के परिवारजनों ने इस प्रक्रिया का कड़ा विरोध करते हुए कहा कि पुलिस ने बिना उनकी सहमति के यह कार्रवाई की है।
विरोध प्रदर्शन के दौरान थाने के बाहर भारी तनाव का माहौल बना रहा और पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी लगातार परिजनों तथा विधायक को समझाइश देने का प्रयास करते रहे। इस बीच, प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्काल प्रभाव से पांच पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच कर दिया है ताकि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जा सके।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!