मुरैना जिले के रिठोरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले टीकरी के पास खेरिया मोड़ पर सोमवार रात एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ एक डीजल से भरे टैंकर और आलू से लदे ट्रक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर के बाद लगी भीषण आग
दोनों भारी वाहनों की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तुरंत बाद उनमें आग भड़क उठी। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। गनीमत यह रही कि दोनों वाहनों के चालकों ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी
घटना की जानकारी मिलते ही रिठोरा थाना प्रभारी एसआई संतोष बाबू गौतम अपने पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुँचे। हालात की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और स्थिति का जायजा लेते हुए मोर्चा संभाला।
दमकल वाहनों ने पाया आग पर काबू
हादसे की भयावहता को भांपते हुए मुरैना और बानमोर से दमकल वाहनों को तुरंत रवाना किया गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। हालांकि, इस भयानक आग की चपेट में आने से दोनों वाहन जलकर पूरी तरह तबाह हो गए।
दुर्घटना के बाद पुलिस बल ने मौके पर मुस्तैदी दिखाते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा, ताकि मार्ग से गुजरने वाले अन्य वाहन चालकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। थाना प्रभारी एसआई संतोष बाबू गौतम ने पुष्टि की है कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!