अम्बाह क्षेत्र में हाल ही में नगर पालिका द्वारा चलाए गए अतिक्रमण हटाए जाने के अभियान के बाद उपजा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस कार्रवाई से आक्रोशित कुशवाह समाज के प्रतिनिधि और स्थानीय पार्षद प्रशासनिक अधिकारियों के पास पहुंचे और अपनी नाराजगी जताई।
वार्ड 01 और 18 में हुई थी तोड़फोड़
यह पूरा मामला 31 अगस्त को वार्ड क्रमांक 01 और वार्ड क्रमांक 18 का है। कुशवाह समाज के लोगों ने स्थानीय प्रशासन को दी गई शिकायत में आरोप लगाया कि नगर पालिका सीएमओ और अध्यक्ष के निर्देशों के तहत कुशवाह कॉलोनी में उनके और प्रजापति समाज के लोगों के मकानों की बाउंड्रीवॉल, पक्के शौचालय और छज्जे मनमाने तरीके से गिराए गए हैं।
सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका
शिकायत दर्ज कराने पहुंचे नागरिकों का कहना था कि इस तरह की एकतरफा कार्रवाई से क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द पर असर पड़ रहा है। उन्होंने उपजिला मजिस्ट्रेट (एसडीएम) से मांग की है कि इस मामले में तुरंत संज्ञान लेते हुए सीएमओ के विरुद्ध नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाए।
नगर पालिका सीएमओ ने दी सफाई
दूसरी ओर, नगर पालिका के सीएमओ शारिब कौसर ने इस पूरी कार्रवाई को पूरी तरह से वैध और नियमसंगत बताया है। उनका पक्ष है कि यह अभियान स्थानीय वार्डवासियों द्वारा जलभराव की लगातार मिल रही शिकायतों के समाधान के लिए चलाया गया था।
सीएमओ कौसर ने स्पष्ट किया कि बिना किसी भेदभाव के केवल अतिक्रमण वाले हिस्सों को ही हटाया गया है। साथ ही उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि यदि अन्य जगहों पर भी अवैध कब्जे हैं, तो उनका निरीक्षण कर विधिवत नोटिस दिए जाएंगे और जरूरत पड़ने पर पुलिस बल के साथ उन्हें भी हटाया जाएगा।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!