मुरैना जिले के पोरसा थाना अंतर्गत आने वाले बड़ी की गांव में बुधवार की सुबह एक पारिवारिक जमीन के विवाद ने तूल पकड़ लिया। खेत की घेराबंदी करने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि बात खूनखराबे तक जा पहुंची और एक पक्ष की ओर से कट्टे से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी गई।

तार फेंसिंग लगाने को लेकर हुआ खूनी संघर्ष

घटनाक्रम के अनुसार, धर्मेंद्र सिंह तोमर अपने खेत को आवारा पशुओं के नुकसान से बचाने के लिए वहां तार की फेंसिंग करवा रहे थे। इसी दौरान विरोधी पक्ष के रामपाल तोमर और रोहित तोमर ने मौके पर पहुंचकर इस फेंसिंग का कड़ा विरोध किया और उसे तोड़ डाला। दोनों पक्षों के बीच रास्ते को लेकर भी पुराना गतिरोध चला आ रहा था क्योंकि उसी जगह से होकर घर और खेत का रास्ता गुजरता है।

छत पर चढ़कर चलाई गई गोली

विवाद बढ़ने पर स्थिति उस वक्त बेकाबू हो गई जब आरोपी पक्ष का एक युवक अचानक छत पर जा चढ़ा और नीचे खड़े लोगों पर कट्टे से फायर झोंक दिया। अचानक हुई इस गोलीबारी में अंशुल तोमर बाल-बाल बच गया, क्योंकि गोली उसके हाथ को छूकर निकल गई। इस गहमागहमी और मारपीट के दौरान धर्मेंद्र सिंह तोमर के पक्ष से एक महिला के भी घायल होने की खबर है।

पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई

घटना के तुरंत बाद पीड़ित पक्ष के लोग थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई। स्थानीय एसडीओपी प्रशांत भदौरिया ने इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है और मौके के हालात तथा घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।