मुरैना जिले के कैलारस क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले भर्रा गांव डेम के पास मंगलवार की रात एक भारी-भरकम मगरमच्छ मुख्य सड़क पर आ धमका। अचानक जलीय जीव को सामने देखकर रास्ते से गुजर रहे लोगों में हड़कंप मच गया और उन्होंने एहतियातन अपने वाहन रोक लिए।

सड़क पर लग गया जाम

यह घटना लगभग रात 9 बजे की है जब मगरमच्छ सड़क के बीच बनी पुलिया पर आकर बैठ गया। वाहन रुकने की वजह से मुख्य मार्ग पर करीब आधे घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही और आवाजाही प्रभावित हो गई।

उसी वक्त जौरा के पूर्व विधायक और भाजपा नेता सूबेदार सिंह सिकरवार के सुरक्षा गार्ड अपने गांव की तरफ जा रहे थे। उन्होंने मार्ग पर बैठे मगरमच्छ को अपनी आंखों से देखा और उसका वीडियो भी अपने कैमरे में कैद कर लिया। स्थिति को भांपते हुए उन्होंने तुरंत इसकी सूचना वन विभाग के अधिकारियों को दी।

ग्रामीणों में फैली दहशत

मुख्य मार्ग पर मगरमच्छ के इस तरह खुलेआम आ जाने से आसपास के रहवासियों और किसानों में भारी डर का माहौल है। इन दिनों ग्रामीण इलाकों में खेतों में सीजन का काम जोरों पर चल रहा है, जिसके चलते लोगों को डेम और जलभराव वाले इलाकों के पास जाने से डर लग रहा है।

ग्रामीणों ने वन विभाग के समक्ष मांग रखी है कि इस क्षेत्र में जलीय जीवों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए निगरानी बढ़ाई जाए ताकि किसी अनहोनी से बचा जा सके।

वन विभाग का पक्ष और रेस्क्यू कार्रवाई

देवरी के वन विभाग अधीक्षक श्याम सिंह चौहान ने जानकारी दी कि रात के समय मगरमच्छ के सड़क पर निकलने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही अमले को तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया था ताकि जलीय जीव को सुरक्षित पकड़ा जा सके।

अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि बारिश के मौसम में नदियों और जलाशयों का बहाव काफी तेज हो जाता है, जिसकी वजह से कई बार मगरमच्छ जैसे जीव रास्ता भटककर रिहायशी या बाहरी इलाकों तक पहुंच जाते हैं। बरसात का दौर थमने के बाद अब विभाग द्वारा ऐसे मामलों में मुस्तैदी से रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।