प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में काशी से गुजरात के वडनगर तक 'सेवा संकल्प बाइक यात्रा' का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार की सुबह यह यात्रा सबलगढ़ पहुंची, जहां स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों द्वारा इसका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

कलंगी रिसॉर्ट से शहीद पार्क तक निकला काफिला

शुक्रवार की सुबह कलंगी रिसॉर्ट से शुरू हुई यह बाइक यात्रा शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए सिविल कोर्ट के सामने स्थित शहीद पार्क तक पहुंची। इस दौरान ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच यात्रा का भव्य स्वागत किया गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग इसमें शामिल हुए।

उत्तर प्रदेश की 10 नदियों का जल लेकर चल रहे हैं युवा

इस यात्रा में उत्तर प्रदेश की 10 प्रमुख नदियों का पवित्र जल लेकर युवा चल रहे हैं। यात्रा कुल 10 टोलियों में बंटी हुई है और प्रत्येक टोली में 50 युवा शामिल हैं। जिला पंचायत सीईओ कमलेश भार्गव के अनुसार, मुरैना जिले की सीमा में बामोर से लेकर टैंटरा तक विभिन्न स्थानों पर यात्रा का स्वागत किया गया, जिसके बाद इसे आगे श्योपुर के लिए रवाना किया गया।

शहीद पार्क में किया गया पौधरोपण

यात्रा के दौरान सिविल न्यायालय के समीप स्थित शहीद पार्क में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधरोपण किया गया। यात्रा में शामिल यात्रियों के साथ-साथ स्थानीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने भी पौधे रोपे।

इस अवसर पर सांसद शिव मंगल सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष कमलेश कुशवाहा, विधायक सरला रावत, जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष रीना शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र मरैया, जनपद अध्यक्ष सोनेराम धाकड़, नगर मंडल अध्यक्ष बसंत बंसल, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष प्रमोद जादौन, सुमित्रा रावत, अवधेश गोयल, अरविंद सिंह जादौन सहित कई अन्य प्रमुख कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।