अस्पताल परिसर में हुई वाहनों की जांच

मुरैना जिले के मुख्य जिला चिकित्सालय परिसर में शनिवार को परिवहन विभाग की टीम ने औचक कार्रवाई को अंजाम दिया। इस अभियान के दौरान मौके पर मौजूद नौ से अधिक एम्बुलेंस की सघन कागजी और तकनीकी जांच की गई।

इन मानकों की की गई जांच

परिवहन अधिकारियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर एम्बुलेंस के भीतर मिलने वाली जरूरी सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान फर्स्ट एड बॉक्स, आग बुझाने वाले यंत्र यानी अग्निशमन उपकरण, अस्पताल के साथ अनुबंध के कागजात और अन्य जरूरी कानूनी दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल की गई।

तीन वाहन जब्त और दो पर जुर्माना

जांच के दौरान तीन एम्बुलेंस मोटरयान नियमों के विपरीत संचालित होती पाई गईं, जिसके चलते उन्हें तुरंत जब्त कर लिया गया। इन सभी जप्त वाहनों को ट्रैफिक थाने के प्रांगण में खड़ा कराया गया है।

इसके अतिरिक्त, दो अन्य एम्बुलेंस चालकों पर भी नियमों के उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया। इन दोनों वाहनों के चालान काटकर मौके पर ही चार हजार रुपए का प्रशमन शुल्क वसूला गया।

विभाग का अनुमान है कि पकड़ी गई तीनों जब्त एम्बुलेंस से लगभग पच्चीस हजार रुपए तक का अतिरिक्त राजस्व वसूला जा सकता है। यह पूरी कार्रवाई उच्चाधिकारियों और जिला कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ के दिशा-निर्देशों के तहत क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी पीएस भिलाला के मार्गदर्शन में पूरी की गई।