ग्वालियर-चंबल अंचल के मुरैना जिले में बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। ताजा मामला स्टेशन रोड थाना क्षेत्र का है, जहां पुरानी रंजिश के चलते एक युवक के घर के बाहर दबंगों द्वारा पिस्टल से हवाई फायरिंग करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।

उत्तमपुरा इलाके में हुई वारदात

यह पूरी घटना 26 सितंबर की रात करीब 10 बजे उत्तमपुरा इलाके में घटी। पीड़ित युवक जितेंद्र टैगोर के घर के बाहर इस वारदात को अंजाम दिया गया। घटना का एक वीडियो सोमवार को सामने आया, जिसके बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

विवाद के बाद दी थी जान से मारने की धमकी

पीड़ित जितेंद्र टैगोर का कुछ दिन पहले राहुल पिप्पल नाम के युवक से किसी बात पर विवाद हो गया था। जितेंद्र का गंभीर आरोप है कि इसी विवाद की रंजिश को रखते हुए राहुल पिप्पल ने अपने साथी ऋषभ पारा के साथ मिलकर उसे जान से मारने की धमकी दी थी।

आरोप के मुताबिक, धमकी देने के बाद राहुल पिप्पल अपने साथी के साथ तय योजना के तहत 26 सितंबर की रात लगभग 10 बजे जितेंद्र के घर पहुंच गया। दोनों आरोपी घर के बाहर खड़े हुए और दहशत फैलाने के उद्देश्य से पिस्टल से हवा में गोलियां चलाईं।

पुलिस के हाथ लगा वीडियो, शुरू हुई जांच

घर के बाहर हुई इस फायरिंग का सीसीटीवी फुटेज अब सोशल मीडिया और पुलिस के पास पहुंच गया है। इस वीडियो में साफ तौर पर आरोपियों द्वारा घर के बाहर की गई हरकत का घटनाक्रम दिखाई दे रहा है।

मामले को लेकर सीएसपी दीपाली चंदौरिया ने जानकारी दी है कि फायरिंग का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने इसे गंभीरता से संज्ञान में लिया है। फरियादी की शिकायत और वीडियो के आधार पर गहनता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।