ग्वालियर-चंबल अंचल के मुरैना जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां के निरार थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले बलालपुरा गांव में कचरा और गोबर डालने की मामूली बात को लेकर खूनी संघर्ष की स्थिति बन गई। इस दौरान दबंगों ने सारी हदें पार करते हुए एक महिला को बेरहमी का शिकार बनाया।

घूरा डालने की मामूली बात पर शुरू हुआ था विवाद

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना 30 जुलाई की है। पीड़िता सीमा कुशवाह (पत्नी मुकेश कुशवाह) अपने घर के ठीक सामने घूरा डालने गई थीं। इसी दौरान पड़ोसी पक्ष से कचरा फेंकने को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि कुछ ही पलों में आपसी रिश्तेदारी का यह मामूली विवाद बड़े झगड़े में बदल गया।

आरोप है कि महादेवी कुशवाह अपने साथ महिलाओं नीतू और रुमाली तथा दो अन्य युवकों कमल व रमेश कुशवाह को लेकर सीधे पीड़िता के घर में घुस गईं। घर में घुसकर उन्होंने सीमा कुशवाह के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई।

घर से घसीटकर बाहर निकाला और पेड़ से बांधा

हमलावरों का गुस्सा इतने पर भी शांत नहीं हुआ। उन्होंने पीड़िता को उसके घर से खींचकर बाहर निकाला और एक पेड़ से कसकर बांध दिया। इसके बाद डंडों और लाठियों से उसकी बेहरमी से पिटाई की गई। इस अमानवीय कृत्य के दौरान पीड़ित महिला लगातार रहम की भीख मांगती रही और खुद को छोड़ने की गुहार लगाती रही, लेकिन दबंगों पर इसका कोई असर नहीं हुआ।

हैरानी की बात यह है कि इस घटना में शामिल आरोपी और पीड़िता आपस में करीबी रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। मामूली सी बात पर उपजे इस विवाद ने परिवार के भीतर की कड़वाहट और क्रूरता को सबके सामने ला दिया।

सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद हरकत में आई पुलिस

यह खौफनाक कृत्य किसी ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जिसका वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया और उसने स्वतः संज्ञान लेते हुए मामले की जांच शुरू की।

जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने महादेवी कुशवाह, नीतू कुशवाह, राजेंद्र कुशवाह, कमल कुशवाह सहित पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। हालांकि, घटना के बाद से ही सभी आरोपी अपने घरों से फरार बताए जा रहे हैं।

कैलारस के एसडीओपी उमेश मिश्रा ने पूरे मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला को पेड़ से बांधकर पीटे जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने पांचों आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर लिया है और उनकी धरपकड़ के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा।