मुरैना जिले के सिविल लाइन थाना अंतर्गत जौरी इलाके में बीती रात पुरानी रंजिश के चलते खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है। यहां आपसी विवाद को सुलझाने के नाम पर एक युवक को बातचीत के लिए बुलाया गया था, जहां घात लगाकर बैठे लोगों ने उस पर हमला कर दिया।

राजीनामे की बात कहकर बुलाया था मिलने

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित सौरभ राठौर का कुछ लोगों के साथ पहले से विवाद चल रहा था। इसी मामले को खत्म करने और आपसी समझौता कराने के लिए उसे बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात जौरी बुलाया गया था। पीड़ित जब वहां पहुंचा, तो दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई।

बातचीत के दौरान मारी गई गोली

मामूली बहस इतनी बढ़ गई कि वहां मौजूद लोगों ने सौरभ पर फायरिंग कर दी। अचानक हुई इस गोलीबारी में एक गोली सीधे सौरभ राठौर के पैर में जा धंसी, जिससे वह मौके पर ही लहूलुहान होकर नीचे गिर पड़ा। घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए।

पांच लोगों के खिलाफ लगाया गंभीर आरोप

घटना के बाद परिजनों ने घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे ग्वालियर के लिए रेफर कर दिया। घायल सौरभ ने इस मामले में दीपू राठौर, प्रवीण राठौर, सुमित राठौर, सत्येंद्र राठौर और विकास श्रीवास पर गोली चलाने का सीधा आरोप लगाया है।

वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस हरकत में आ गई और तुरंत मौके पर पहुंचकर हालातों का जायजा लिया। सिविल लाइन थाना प्रभारी उदयभान यादव ने बताया कि घायल युवक का इलाज फिलहाल ग्वालियर में चल रहा है। पुलिस का एक दल बयान दर्ज करने के लिए रवाना हो गया है और बयानों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।