मध्य प्रदेश के चंबल अंचल के मुरैना जिले में हुए सनसनीखेज छहहरे हत्याकांड के एक मुख्य आरोपी को आखिरकार पकड़ लिया गया है। अहमदाबाद की क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई करते हुए आरोपी रामसिंह धीरसिंह तोमर को हरियाणा के गुरुग्राम से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह खौफनाक वारदात पांच मई 2023 को लेपा गांव में अंजाम दी गई थी, जिसमें एक ही परिवार के तीन पुरुषों और तीन महिलाओं की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
समझौते का झांसा देकर बुलाया और किया अंधाधुंध हमला
पुलिस के अनुसार लेपा गांव में दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही थी। इसी विवाद को खत्म करने और राजीनामा करने के बहाने आरोपियों ने दूसरे पक्ष को अहमदाबाद से मुरैना बुलाया था। बातचीत के दौरान ही घात लगाकर हमला बोल दिया गया और अंधाधुंध फायरिंग कर छह लोगों की जान ले ली गई। इस जघन्य हत्याकांड के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था और उस पर तीस हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया गया था।
मजदूर बनकर गुरुग्राम के वेयरहाउस में छिपा था आरोपी
घटना के बाद से रामसिंह लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था। वह महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान और हरियाणा में छिपकर कभी सिक्योरिटी गार्ड तो कभी मजदूर के रूप में अपनी पहचान बदलकर रह रहा था। हाल ही में अहमदाबाद क्राइम ब्रांच को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी गुरुग्राम के गोपालपुर जीआईडीसी क्षेत्र स्थित एक वेयरहाउस में काम कर रहा है। इसके बाद पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी और स्थानीय मजदूरों का भेष धरकर उसे दबोच लिया।
पुरानी रंजिश और नौ आरोपियों पर दर्ज हुआ था मामला
वर्ष 2010 में पशुओं के बैठने के स्थान यानी घूरे को लेकर उपजे विवाद के कारण वर्तमान में मारे गए लोगों के परिजनों ने विरोधी पक्ष के दो लोगों की हत्या कर दी थी। माना जा रहा है कि उसी दोहरे हत्याकांड का बदला लेने के लिए साल 2023 में इस बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया। सिहोनिया थाने में इस मामले के तहत कुल नौ आरोपियों के विरुद्ध हत्या और आर्म्स एक्ट की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया था।
गिरफ्तारी के बाद सिहोनिया थाना प्रभारी एसआई अतुल परिहार ने पुष्टि की है कि आरोपी को अपने कब्जे में लेने के लिए स्थानीय पुलिस दल को रवाना कर दिया गया है। पूछताछ और आगे की विधिक कार्रवाई के बाद उसे अदालत में पेश किया जाएगा। वहीं, आरोपी रामसिंह खुद को चंबल के प्रसिद्ध बागी पान सिंह तोमर का पारिवारिक रिश्तेदार होने का दावा भी करता रहा है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!