रिठौरा थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई
मुरैना जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन पर लगाम कसने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में रिठौरा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पत्थरों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा है। जब्त किए गए वाहन और पत्थरों की कुल कीमत करीब सात लाख रुपए आंकी गई है।
नाकाबंदी के दौरान चकमा देकर भागा ड्राइवर
पुलिस के अनुसार पांच अक्टूबर 2026 को क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में अवैध पत्थर यानी खंडे भरकर हंसराज का पुरा की तरफ से पढ़ावली मार्ग की ओर ले जाए जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस बल ने तुरंत हरकत में आते हुए हंसराज का पुरा मोड़ के पास घेराबंदी कर दी। जब पुलिस ने संदिग्ध ट्रैक्टर-ट्रॉली को रुकवाने का प्रयास किया, तो पुलिस वाहन को देखकर चालक डर गया और गाड़ी को सड़क पर ही छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला।
अज्ञात आरोपी पर विभिन्न धाराओं में केस दर्ज
थाना प्रभारी एसआई संतोष बाबू गौतम ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि फरार चालक और वाहन मालिक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि यह अवैध पत्थर कहां से लाए गए थे।
पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2), 317(5), मध्यप्रदेश खनिज अवैध परिवहन एवं भंडारण नियम 2006 की धारा 18(1), खान एवं खनिज अधिनियम की धारा 4(1), 21 और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 77/177 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!