मुरैना जिले के जौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पगारा डैम में पानी के तेज बहाव और गहराई में लापता हुए युवक की तलाश दूसरे दिन भी बेनतीजा रही। सोमवार को दिनभर चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बावजूद युवक का कुछ पता नहीं चल सका।

सैलानियों के साथ पिकनिक मनाने आया था युवक

घटनाक्रम के मुताबिक, जौरा कस्बे के रहने वाले 42 वर्षीय सूरज कुशवाहा बीते रविवार को अपने कुछ रिश्तेदारों के साथ पगारा डैम पर घूमने आए थे। दोपहर के समय जब वे पानी में उतरे, तो संतुलन बिगड़ने से गहरे पानी में चले गए और बहाव की चपेट में आ गए।

एसडीआरएफ की टीम को आ रही है यह बड़ी तकनीकी दिक्कत

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम मौके पर पहुंच गई थी। रविवार और सोमवार को लगातार दो दिन तक अभियान चलाया गया। सुबह करीब आठ बजे से शुरू हुई खोजबीन शाम को अंधेरा होने तक जारी रही, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी।

जौरा थाना प्रभारी पंकज यादव ने बताया कि डैम के अंदर पानी के नीचे बड़े-बड़े पत्थर मौजूद हैं। ये चट्टाननुमा पत्थर तलहटी में इस तरह फंसे हैं कि बचाव दल और गोताखोरों को पानी के बिल्कुल निचले हिस्से तक पहुंचने में भारी बाधा उत्पन्न हो रही है।

मंगलवार को विशेषज्ञ गोताखोर संभालेंगे मोर्चा

प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने स्थिति को देखते हुए अब विशेष कदम उठाए हैं। मंगलवार को तीसरे दिन सामान्य रेस्क्यू के साथ-साथ एक्सपर्ट गोताखोरों की मदद ली जाएगी ताकि पानी के भीतर पत्थरों की आड़ में छिपे या अटके संभावित स्थानों की बारीकी से छानबीन की जा सके।