अंबाह-मुरैना मार्ग पर सोमवार सुबह लगभग 11 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां होटल राजमहल पैलेस के सामने एक अनियंत्रित कार ने बाइक पर सवार परिवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे हड़कंप मच गया।

बाजार जा रहा था गोठ श्यामपुर का परिवार

मिली जानकारी के अनुसार, गोठ श्यामपुर गांव के रहने वाले उपदेश अपनी पत्नी खुशबू और बेटे पुष्पेंद्र के साथ बाइक पर सवार होकर किसी काम से बाजार की तरफ जा रहे थे। जब वे होटल राजमहल पैलेस के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही एक ऑरा कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सड़क पर गिर गई और उस पर सवार महिला तथा बच्चा दोनों छिटककर घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत अंबाह सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में चल रहा इलाज, आरोपी चालक की तलाश

अंबाह सिविल अस्पताल में घायल खुशबू और उनके बेटे पुष्पेंद्र का इलाज किया जा रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों को हल्की चोटें आईं हैं और उनकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है।

घटना को अंजाम देने के बाद कार चालक मौके से भागने में सफल रहा। हालांकि, पीड़ित उपदेश ने हिम्मत दिखाते हुए अपनी बाइक से कुछ दूर तक कार का पीछा किया और जाते हुए वाहन की फोटो अपने मोबाइल में कैद कर ली। घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी गई है और पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है।