मुरैना जिले के कैलारस विकासखंड के अंतर्गत आने वाले खेरली-पचोखरा मार्ग पर स्थिति गुराह नाले का पुल लगातार हो रही बारिश के कारण पानी में डूब गया है। हालात यह हैं कि पुल के ऊपर से तेज बहाव में पानी बह रहा है, जिससे इस रास्ते पर सफर करना बेहद खतरनाक हो गया है।

कढ़ाही और रस्सी के सहारे हो रहा आवागमन

पुल पर पानी तेज बहने के बावजूद ग्रामीण और राहगीर अपनी जान को दांव पर लगाकर रास्ता पार कर रहे हैं। इसके लिए उन्होंने एक अनोखा और खतरनाक जुगाड़ निकाला है। लोग बड़ी कढ़ाही जैसे बर्तन में बैठकर और रस्सी के सहारे उफनते नाले के एक छोर से दूसरे छोर तक जा रहे हैं। पानी का बहाव इतना तेज है कि थोड़ी सी भी असावधानी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

हर साल बरसात में बनती है यही परेशानी

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के मौसम में जलस्तर बढ़ते ही खेरली-पचोखरा मार्ग का संपर्क टूट जाता है। पुल के ऊपर पानी आने से दोपहिया वाहन चालकों और पैदल चलने वालों की मुश्किलें बहुत बढ़ जाती हैं। कई बार बहाव इतना तेज होता है कि लोगों का निकलना पूरी तरह असंभव हो जाता है।

प्रशासन ने क्या कहा

जौरा एसडीएम शुभम शर्मा ने इस मामले पर जानकारी देते हुए बताया कि खेरली और पचोखरा दोनों अलग-अलग गांव हैं। उन्होंने बताया कि एक बुजुर्ग की तेरहवीं के कार्यक्रम के दौरान लोगों द्वारा इस तरह नाला पार किए जाने की बात सामने आई थी। एसडीएम के अनुसार ग्रामीणों के पास आने-जाने के लिए अन्य वैकल्पिक रास्ते भी उपलब्ध थे, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने यह जोखिम भरा मार्ग चुना। घटना की जानकारी मिलने के बाद तुरंत प्रशासनिक टीम को मौके पर रवाना कर दिया गया है।