मुरैना जिले के पोरसा जनपद क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत भदावली में मनरेगा कार्यों और पंचायत स्तर पर हुए कथित भ्रष्टाचार की शिकायत के बाद उपजा विवाद तूल पकड़ गया है। आरोप है कि जिला कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में महिला सरपंच के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने की रंजिश के चलते बीती रात एक घर को निशाना बनाया गया।

कलेक्ट्रेट जनसुनवाई में की गई थी शिकायत

भदावली निवासी प्रशांत पुत्र छीद्धि सिंह तोमर ने बताया कि उन्होंने मंगलवार को जिला कलेक्टर के समक्ष पेश होकर ग्राम पंचायत की सरपंच राखी तोमर के विरुद्ध मनरेगा और अन्य पंचायत कार्यों में अनियमितता व भ्रष्टाचार की शिकायत की थी। उनका आरोप है कि इसी बात से रंजिश रखते हुए रात करीब बारह बजे सरपंच पति भूपेंद्र तोमर उनके आवास पर आ धमके। हमलावर अपने पिता होम सिंह तोमर के नाम पर जारी लाइसेंसी बारह बोर की राइफल लेकर पहुंचा था और उसने घर के बाहर खड़े होकर कई राउंड ताबड़तोड़ फायरिंग की।

कमरों में छिपकर बचाई परिवार ने जान

अचानक हुई गोलीबारी की आवाज से घर के भीतर भगदड़ मच गई। जान बचाने के लिए परिवार की महिलाओं, बच्चों और अन्य सदस्यों ने तुरंत कमरों के अंदर जाकर छिपकर अपनी जान बचाई। पीड़ित पक्ष का कहना है कि आरोपी द्वारा चलाई गईं गोलियां मकान के छज्जे और दीवारों पर लगीं, जिससे वहां निशान बन गए हैं। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से पूरे गांव में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है।

पुलिस के आने पर मौके से भागे आरोपी

गोलीबारी की इस घटना के तुरंत बाद सहमे परिजनों ने डायल-112 पर कॉल करके पुलिस को सूचना दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने की भनक लगते ही हमलावर वहां से फरार हो गए। इसके बाद पीड़ित परिवार रात करीब एक बजे नगरा थाने पहुंचा और अपनी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बुधवार को मामला पंजीबद्ध कर जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है तथा घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए गए हैं।

नगरा थाना प्रभारी एसआई सुखदेव सिंह चौहान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि भदावली पंचायत की सरपंच के पति भूपेंद्र सिंह तोमर के खिलाफ प्राप्त शिकायत के आधार पर कानूनी कार्रवाई करते हुए प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक पड़ताल में यही बात सामने आई है कि मंगलवार को जनसुनवाई में पंचायत के कामों को लेकर शिकायत की गई थी। पुलिस अब इस पूरे मामले की गहनता से छानबीन कर रही है और पीड़ित परिवार ने सुरक्षा तथा आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई है।