कार को बचाने के चक्कर में हुआ हादसा

ग्वालियर-चंबल अंचल के मुरैना शहर में सड़क सुरक्षा को लेकर लापरवाही का एक और मामला सामने आया है। यहां सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली नरुआ रोड पर तेज गति से आ रही पत्थरों से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित हो गई। सामने से आ रही एक कार को बचाने के दौरान चालक वाहन पर से अपना नियंत्रण खो बैठा।

सरकारी हैंडपंप क्षतिग्रस्त, सीसीटीवी में कैद हुई घटना

संतुलन बिगड़ने के बाद यह अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे बने शासकीय हैंडपंप पर जा चढ़ी, जिससे हैंडपंप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें वाहन की तेज रफ्तार और हादसे का पूरा घटनाक्रम साफ तौर पर दिखाई दे रहा है। फुटेज में नजर आ रहा है कि हनुमान मंदिर के पास यह हादसा घटित हुआ।

वाहन छोड़कर भागा चालक, पुलिस ने की जब्ती

दुर्घटना के तुरंत बाद घबराया हुआ चालक मौके पर ही ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों से सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर वाहन को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ट्रैक्टर-ट्रॉली को थाने ले आई है और उसके नंबर के आधार पर मालिक की शिनाख्त की जा रही है।

सिविल लाइन थाना प्रभारी उदयभान यादव ने बताया कि जब्त की गई ट्रैक्टर-ट्रॉली को थाने लाया गया है और अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।

पुलिस अब इस पहलू पर भी जांच कर रही है कि वाहन में जो पत्थर ले जाए जा रहे थे, वे वैध थे या अवैध। वाहन दस्तावेजों और चालक की सुरागकशी के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।