मुरैना नगर निगम सीमा के अंतर्गत आने वाले शिवनगर इलाके में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां लक्ष्मी दाल मिल के समीप एक किराना स्टोर के पास स्थापित बिजली के ट्रांसफार्मर (डीपी) में अचानक भयंकर आग लग गई।

तेज धमाकों और ऊंची लपटों से मचा हड़कंप

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रांसफार्मर में आग लगते ही उससे तेज आवाज के साथ चिंगारियां छूटने लगीं। देखते ही देखते आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं, जिन्हें देखकर आसपास के रहवासियों में भगदड़ मच गई और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।

पड़ोस के घर तक पहुंची आग की आंच

डीपी से उठी आग की लपटें इतनी तेज थीं कि उनकी चपेट में पास ही स्थित एक मकान आ गया। घर के बाहरी हिस्से में रखा गृहस्थी का सामान आग की भेंट चढ़ गया और जलकर नष्ट हो गया। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।

अधिकारियों ने दिए जांच के निर्देश

घटना की जानकारी मिलते ही विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारी और अमला तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गया। बिजली विभाग के एसई सुरेश कुमार ने बताया कि विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर हालात पर पूरी तरह काबू पा लिया है।

फिलहाल ट्रांसफार्मर में आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। बिजली अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की तकनीकी जांच कराई जाएगी, जिसके बाद ही आग लगने की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी।