मुरैना जिले के सबलगढ़ थाना क्षेत्र में अवैध रेत के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। चंबल नदी से अवैध रूप से रेत भरकर ला रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पुलिस ने जब्त कर लिया है। जब्त की गई रेत और ट्रॉली की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 60 हजार रुपए आंकी गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध उत्खनन करने वालों में हड़कंप मच गया है।

मुखबिर की सूचना पर बिछाया गया जाल

बीती 23 अक्टूबर को सबलगढ़ पुलिस को यह पुख्ता सूचना मिली थी कि बधपुरा रोड के रास्ते अवैध रेत से भरी ट्रॉली लाई जा रही है। इस अवैध कारोबार में लिप्त लोगों ने पुलिस की आवाजाही पर नजर रखने के लिए आगे एक मोटरसाइकिल पर अपने गुर्गों को तैनात कर रखा था। थाना प्रभारी पंकज मुद्गल के मार्गदर्शन में पुलिस बल ने तुरंत इलाके में घेराबंदी कर दी।

दोपहर करीब 3:25 बजे पुलिस को एक नीले रंग का सोनालीका ट्रैक्टर रेत से भरी ट्रॉली खींचते हुए आता दिखाई दिया। इस दौरान बटेश्वरा का रहने वाला कप्तान केवट ट्रैक्टर चला रहा था, जबकि जमुनीकापुरा का रहने वाला हंसराम गुर्जर मोटरसाइकिल से आगे-आगे चलकर रेकी कर रहा था। पुलिस वाहन को नजदीक आते देख रेकी कर रहा हंसराम तुरंत मौके से चंपत हो गया।

मरघट रोड के गड्ढे में फंसी ट्रॉली

पुलिस को देखते ही ट्रैक्टर चालक ने वाहन को नहर की तरफ तेजी से भगाया। भागने के प्रयास में मरघट रोड के पास पाइपलाइन के लिए खोदे गए एक गहरे गड्ढे में ट्रॉली का टायर जाकर फंस गया। इसके चलते चालक के लिए आगे निकलना मुश्किल हो गया और वह ट्रॉली को वहीं छोड़कर ट्रैक्टर समेत नहर के रास्ते से फरार होने में कामयाब हो गया।

मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और पंचों की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई को कानूनी रूप से अंजाम दिया गया। जब्त ट्रॉली को थाने तक सुरक्षित लाने के लिए विभाग द्वारा दूसरा ट्रैक्टर मंगवाया गया। सुरक्षा और पारदर्शिता के लिहाज से इस पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई है। ट्रॉली की जांच करने पर उसमें चंबल नदी की अवैध रेत भरी पाई गई।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

घटना के करीब पांच घंटे बाद पुलिस ने खनिज अधिनियम और अवैध रेत उत्खनन की धाराओं के तहत दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी पंकज मुद्गल ने स्पष्ट किया है कि चंबल नदी से अवैध रेत का कारोबार करने वालों के खिलाफ सख्ती जारी रहेगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल फरार चल रहे दोनों आरोपियों की तलाश सरगर्मी से की जा रही है।