क्वारी नदी में गणेश विसर्जन के दौरान हुआ हादसा
मुरैना जिले के दिमनी थाना क्षेत्र स्थित क्वारी नदी में सोमवार शाम को गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान एक बड़ा हादसा सामने आया। जानकारी के अनुसार, कुछ युवक यहां भगवान गणेश की प्रतिमा का विसर्जन करने पहुंचे थे और इसी दौरान चार युवक नदी के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए।
नदी में उतरे चारों युवकों में से तीन युवक किसी तरह अपनी जान बचाने में कामयाब रहे और तैरकर बाहर आ गए। हालांकि, 35 वर्षीय विजयपाल माहौर तेज पानी के बहाव में आगे निकल गया और लापता हो गया।
अंधेरे के कारण रोकना पड़ा था बचाव अभियान
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और राज्य आपदा मोचन बल यानी एसडीआरएफ की टीम फौरन मौके पर पहुंच गई थी। टीम ने लापता विजयपाल की तलाश के लिए नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन रात का समय और घना अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू कार्य में भारी बाधा आई, जिसके बाद अभियान को रात में रोकना पड़ा।
मंगलवार की सुबह होते ही लगभग 8:30 बजे एसडीआरएफ की टीम ने फिर से मोर्चा संभाला और नदी में उतरकर तलाश अभियान दोबारा शुरू किया गया।
बिना सूचना पहुंचे थे नदी पर
दिमनी थाना प्रभारी टीआई जितेंद्र दोहरे ने इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि ये सभी युवक बिना किसी पूर्व सूचना के प्रतिमा विसर्जन के लिए क्वारी नदी पर पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि अंधेरा होने की वजह से सोमवार रात को रेस्क्यू रोकना पड़ा था, लेकिन मंगलवार सुबह से लापता विजयपाल की खोजबीन लगातार जारी है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!