गोहद चोरी कांड का मुरैना सराफा बाजार से जुड़ा तार

भिंड जिले के गोहद क्षेत्र में हाल ही में सामने आई लाखों रुपए की नकबजनी और लूट की वारदातों की जांच के सिलसिले में पुलिस ने मुरैना में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। गोहद पुलिस को चोर गिरोह से पूछताछ के दौरान अहम सुराग हाथ लगे थे, जिसके आधार पर सोमवार को मुरैना सराफा बाजार में दबिश दी गई।

हथबंद पुलिस बल के साथ दी गई दबिश

गोहद थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में लगभग एक दर्जन सशस्त्र पुलिसकर्मी दो वाहनों में सवार होकर मुरैना सराफा बाजार पहुंचे। पुलिस ने चोर गिरोह के सदस्यों की निशानदेही पर स्थानीय दो सराफा कारोबारियों को हिरासत में लिया। यह पूरी कार्रवाई सोमवार से शुरू होकर मंगलवार शाम तक लगातार जारी रही।

दुकान की भट्टी में गलाया जाता था सोने-चांदी का सामान

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि गोहद क्षेत्र में सक्रिय चोर गिरोह वारदातों के बाद लूटा गया सोना और चांदी मुरैना के इन कारोबारियों को बेहद कम दामों पर बेच देते थे। आभूषणों की पहचान पूरी तरह मिटाने के लिए दुकानों पर बनी भट्टी में उन्हें गला दिया जाता था। इसके बाद पिघले हुए धातु को नया रूप देकर बाजार में खपाया जाता था।

पुलिस ने दोनों कारोबारियों की दुकानों की तलाशी लेते हुए वहां से चोरी के जेवरात और गला हुआ सोना-चांदी भी जब्त किया है। स्थानीय स्तर पर इस कार्रवाई से सराफा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की संलिप्तता की भी गहराई से जांच कर रही है।