सबलगढ़ में धूमधाम से हुआ बप्पा का विसर्जन

मुरैना जिले के सबलगढ़ अंचल में बुधवार को गणेश उत्सव के समापन पर प्रतिमाओं को ससम्मान विदा किया गया। नगर के विभिन्न इलाकों में स्थापित गणपति की मूर्तियों को भक्तों ने नम आंखों और उत्साह के साथ विसर्जन के लिए ले जाया।

नगर में इस वर्ष एक दर्जन से अधिक प्रमुख स्थानों पर गणेश प्रतिमाएं स्थापित की गई थीं। अधिकांश प्रतिमाओं का विसर्जन बुधवार को संपन्न हुआ, जबकि कुछ अन्य प्रतिमाओं का विसर्जन गुरुवार को भी किया जाएगा।

बच्चों ने खुद तैयार की मनमोहक गणेश झांकी

इस आयोजन की सबसे खास बात स्थानीय बच्चों की सक्रिय भागीदारी रही। लक्ष्मण गली में 10 साल से कम उम्र के छोटे-छोटे बच्चों ने आपसी सहयोग से एक आकर्षक गणेश झांकी सजाई और पूरे अनुष्ठान की जिम्मेदारी खुद ही संभाली।

बच्चों के इस प्रयास को देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक पहुंचे। इसके अलावा चांदनी चौक, मंडी संतर नंबर 3, रानी कुआं रोड और धिगर्रा गली जैसे प्रमुख स्थानों पर भी मनमोहक झांकियां सजाई गई थीं।

घर-घर में विराजे गणपति को भी दी गई विदाई

सार्वजनिक पंडालों के साथ-साथ शहर के तमाम घरों में स्थापित गणेश प्रतिमाओं का भी बुधवार को विधि-विधान के साथ विसर्जन किया गया। घरों और गलियों से निकली विसर्जन यात्राओं के दौरान पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।

गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ के जयकारों के साथ श्रद्धालुओं ने बप्पा को विदाई दी और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।