सबलगढ़ स्थित एसडीएम कार्यालय के सभागार में मंगलवार को साप्ताहिक जनसुनवाई का आयोजन किया गया। सुबह 11 बजे से शुरू हुई यह प्रक्रिया दोपहर 2 बजे तक चली, जिसमें स्थानीय शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं प्रशासनिक अधिकारियों के सामने रखीं।

राजस्व से जुड़े आए सबसे ज्यादा मामले

इस दौरान कुल 14 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से सबसे अधिक 10 आवेदन अकेले राजस्व विभाग से संबंधित थे। इसके अलावा जनपद पंचायत से जुड़े दो, नगर पालिका का एक और डीआरडीओ विभाग से संबंधित एक आवेदन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा गया। खाद्य विभाग से जुड़ी एक शिकायत का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया।

गौचर और तालाब की जमीन पर कब्जे की शिकायत

जनसुनवाई में भूमि पर अवैध कब्जे का एक गंभीर मामला सामने आया। शिकायतकर्ताओं ने रमेश रावत (पुत्र रामजी लाल रावत), नरेश रावत (पुत्र सुगन लाल) और बामसौली के रामवीर चौंखरिया पुरा पर गौचर व तालाब की जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाया।

शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि इन लोगों द्वारा जमीन पर खड़े हरे-भरे पेड़ों को जेसीबी मशीन से हटवाया गया है और वहां ट्रैक्टर चलाए जा रहे हैं। इस मामले में पटवारी हल्का सबलगढ़ तिंदौली को एसडीएम के निर्देश पर आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया है।

सड़क के गड्ढों से परेशानी का मुद्दा

इसके अतिरिक्त ओमप्रकाश उर्फ मुन्ना खटीक ने भी जनसुनवाई में प्रार्थना पत्र दिया। उन्होंने नगर पालिका के वार्ड नंबर 11 स्थित हरी वर्क गली में सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे होने की बात कही, जिससे आवागमन में हो रही भारी असुविधा को लेकर नगर प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया।

नायब तहसीलदार राजेंद्र मौर्य ने जनसुनवाई के बाद जानकारी दी कि मिले हुए सभी आवेदनों में से खाद्य विभाग के आवेदन का तत्काल निष्पादन कर दिया गया है। शेष सभी आवेदन पत्र आगे की जांच और उचित कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को अग्रसारित कर दिए गए हैं।