मुरैना शहर के मिल एरिया रोड पर स्थित कृष्णा हॉस्पिटल में एक मरीज की इलाज के दौरान मौत के बाद भारी विवाद खड़ा हो गया है। मृतक के परिजनों ने चिकित्सक पर गंभीर लापरवाही बरतने के आरोप लगाए हैं। इस मामले में न्याय की गुहार लगाने के लिए परिजन सोमवार को बड़ी संख्या में पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे।

बुखार के इलाज के दौरान बिगड़ी तबीयत

मृतक की पहचान 55 वर्षीय रामदीन कुशवाह पुत्र देवीराम कुशवाह के रूप में हुई है, जो जारोनी गांव के रहने वाले थे। उनकी बेटी उन्हें बुखार की शिकायत के बाद इलाज के लिए कृष्णा हॉस्पिटल लेकर पहुंची थी। बेटी के बयानों के अनुसार, डॉक्टर ने अस्पताल में पहले मरीज का ब्लड प्रेशर जांचा और फिर उन्हें दो इंजेक्शन लगाने के साथ ही मुंह से खाने के लिए एक गोली दी।

परिजनों का कहना है कि डॉक्टर द्वारा दवा और इंजेक्शन दिए जाने के कुछ ही पलों के भीतर रामदीन की शारीरिक स्थिति तेजी से बिगड़ने लगी। बेटी की आंखों के सामने ही उनके पिता की मौत हो गई, जिससे परिवार सदमे में है।

इलाज का पर्चा फाड़ने और बाहर निकालने का आरोप

घटना के बाद मृत मरीज की बेटी ने पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया कि पिता की मौत के तुरंत बाद डॉक्टर ने उसके हाथों से इलाज वाला पर्चा झपट लिया और उसे फाड़ डाला। इसके बाद अस्पताल के स्टाफ ने उसे धक्का देकर बाहर निकाल दिया। परिजनों ने आरोपी चिकित्सक के विरुद्ध तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस के रवैये पर भी उठाए सवाल

इस पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिस के कामकाज पर भी परिजनों ने सवाल उठाए हैं। बेटी का आरोप है कि घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने डॉक्टर को तो सुरक्षित रूप से अस्पताल के भीतर बंद कर दिया, जबकि शोक संतप्त परिजनों को बाहर खदेड़ दिया गया।

परिजनों का यह भी दावा है कि इस दौरान पुलिसकर्मियों ने उनकी बुआ और दीदी के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया। उन्होंने इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की है।

एसपी ने दिए पैनल पोस्टमार्टम और वीडियोग्राफी के आदेश

मामले की नजाकत को देखते हुए पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल से कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने इस संबंध में सिविल सर्जन से दूरभाष पर चर्चा कर पूरी पोस्टमार्टम प्रक्रिया की वीडियोग्राफी सुनिश्चित करने को कहा है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और शुरुआती जांच के बाद ही रामदीन कुशवाह की मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल परिजनों द्वारा लगाए गए तमाम आरोपों की गहराई से जांच की जा रही है और रिपोर्ट के आधार पर ही आगामी कानूनी कदम उठाए जाएंगे।