श्रीराम नर्सिंग हॉस्पिटल में हुआ था ऑपरेशन
मुरैना शहर के नेहरू पार्क मिल एरिया रोड स्थित श्रीराम नर्सिंग हॉस्पिटल में इलाज के दौरान एक महिला की जान चली गई। सिंघल बस्ती की रहने वाली 55 वर्षीय राधाबाई को पथरी की शिकायत थी, जिसके चलते उन्हें इस निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
परिजन के अनुसार राधाबाई का 12 सितंबर को अस्पताल में ऑपरेशन किया गया था। ऑपरेशन के कुछ दिन बाद शुक्रवार की शाम को अचानक उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी, जिसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने उन्हें तुरंत ग्वालियर रेफर कर दिया।
रास्ते में तोड़ा दम, लौटकर किया हंगामा
अस्पताल द्वारा ग्वालियर रेफर किए जाने के बाद परिजन राधाबाई को लेकर रवाना हुए, लेकिन अस्पताल से निकलते ही रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मरीज की मौत से गुस्साए परिजन शव को लेकर वापस श्रीराम हॉस्पिटल पहुंचे और डॉक्टरों पर इलाज में गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।
पुलिस ने संभाला मोर्चा और जांच का दिया आश्वासन
निजी अस्पताल में हंगामे की खबर मिलते ही सिटी कोतवाली थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए आक्रोशित परिजनों और अस्पताल प्रबंधन से पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई।
कोतवाली टीआई अमित भदौरिया ने इस मामले पर जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने परिजनों को समझाइश देकर शांत कराया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि परिजन लिखित में जांच और कार्रवाई की मांग करते हैं, तो पुलिस हरसंभव सहयोग करेगी और मेडिकल साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!