अंबाह बायपास पर नाला नंबर-1 सीवर प्लांट के पास बुधवार को जमीन को लेकर दो गुटों में जमकर विवाद हुआ। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर कई राउंड गोलियां चला दीं, जिससे आसपास के इलाके में भय का माहौल बन गया।
मेड़ तोड़ने का आरोप और बढ़ा विवाद
पीड़ित गिर्राज शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि अंबाह बायपास पर उनकी जमीन से सटी हुई जमीन संदीप परमार और हरिसिंह राठौर के कब्जे में है। शर्मा का आरोप है कि दो दिन पहले परमार और राठौर ने उनकी खेत की मेड़ तोड़ दी और जमीन की सीमांकन के निशान भी हटा दिए।
बुधवार सुबह जब गिर्राज शर्मा इस मामले की शिकायत करने हरिसिंह के घर पहुंचे, तो वहां कहासुनी हो गई। इसके बाद दोनों पक्ष खेत पर पहुंचे, जहां विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और फायरिंग शुरू हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव का माहौल है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!