कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला शव

मुरैना जिले के दिमनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जाखोना गढ़ी गांव में एक दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां 24 वर्षीय जितेंद्र सिंह नामक युवक ने अपने घर के कमरे में कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह जब परिजनों ने उसका शव फंदे पर लटका देखा तो उनके होश उड़ गए।

रात को खाना खाकर सोने गया था युवक

मृतक के बड़े भाई प्रदीप सिंह ने घटना के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि जितेंद्र अविवाहित था और परिवार के साथ ही रहता था। वह घर में बने एक अलग कमरे में सोता था। बुधवार की रात को वह सामान्य तरीके से खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था।

पुलिस जांच में जुटी

परिजनों के अनुसार, रात के समय पुलिस के जरिए घटना की सूचना मिली थी, जिसके बाद वे कमरे तक पहुंचे। पता चला कि जितेंद्र ने खुद पुलिस को फोन किया था। मौके पर पहुंचने पर वह फंदे पर लटका मिला।

दिमनी थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह दोहरे ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने परिजनों की सूचना पर प्रकरण दर्ज कर लिया है। शव को अंबाह सिविल अस्पताल भिजवाकर उसका पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।