मुरैना जिले के सबलगढ़-सिकरौदा मार्ग पर शनिवार की देर रात एक दर्दनाक मामला सामने आया। यहां बाइक सवार एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में अचेत अवस्था में पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस सक्रिय हुई और तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।

डायल 112 टीम ने पहुंचाया अस्पताल

शनिवार रात करीब 9 बजे पेट्रोल पंप से आगे और गुरहा पुल से पहले एक युवक के सड़क पर पड़े होने की सूचना मिली थी। डायल 112 की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से युवक को उठाया और तत्काल सिविल अस्पताल पहुंचाया। वहां ड्यूटी पर मौजूद डॉ. जगनेरिया ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान किशोरगढ़ गांव निवासी 26 वर्षीय संजय जाटव पुत्र नरेश जाटव के रूप में हुई है। घटना की खबर जैसे ही उसके पैतृक गांव किशोरगढ़ पहुंची, वहां लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और परिवार में कोहराम मच गया।

शरीर और बाइक पर नहीं मिले चोट के निशान

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर और उसकी बाइक पर किसी भी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। इस वजह से संजय की मौत का यह मामला पूरी तरह से रहस्मय बना हुआ है और दुर्घटना या अन्य कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी है।

मृतक के पिता नरेश जाटव ने पुलिस को जानकारी दी कि संजय शनिवार सुबह घर से विजयपुर जाने की बात कहकर निकला था कि वह फॉर्म भरने जा रहा है। इसके बाद उसने फोन पर पिता को बताया था कि वह विजयपुर नहीं गया है और अब सबलगढ़ से वापस किशोरगढ़ लौट रहा है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज

पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवा दिया है। स्थानीय पुलिस का कहना है कि मौत के असली कारणों का पता लगाने के लिए विसरा और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट सामने आने के बाद ही मौत की असल वजह साफ हो पाएगी।