मुरैना जिले के झुंडपुरा स्थित शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में इन दिनों सेवा संकल्प पखवाड़े के तहत कई तरह की गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में शनिवार को विद्यालय परिसर में 'सुरक्षित डिजिटल भारत' विषय पर एक विशेष वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता में इन दलों ने मारी बाजी
वाद-विवाद प्रतियोगिता के दौरान छात्र और छात्राओं ने डिजिटल सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार रखे। इस बौद्धिक मुकाबले में छात्रा वर्ग की ओर से रानी लक्ष्मीबाई दल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं छात्र वर्ग में सुभाष चंद्र बोस दल ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए बाजी मारी।
स्वच्छता अभियान और पौधरोपण भी हुआ
प्रतियोगिता के अलावा विद्यालय परिसर और नवीन खेल मैदान में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसके साथ ही परिसर में पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर अपनी हिस्सेदारी दर्ज कराई।
प्राचार्य ने विद्यार्थियों को दिए संस्कार के पाठ
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्राचार्य लोकेन्द्र सिंह ने बच्चों को सेवा संकल्प पखवाड़े के उद्देश्यों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण का मुख्य आधार व्यक्ति का निर्माण है और शिक्षा से ही व्यक्तित्व को सही आकार मिलता है। शिक्षा के साथ-साथ संस्कार, संस्कृति और अनुशासन जीवन में बेहद जरूरी हैं। विद्यालय को शिक्षा का मंदिर बताते हुए उन्होंने विद्यार्थियों को इसकी साफ-सफाई पर ध्यान देने और अपनी कला व कौशल को निखारने के लिए प्रेरित किया।
इस पूरे आयोजन के दौरान अनिल शर्मा, शैलेन्द्र सिंह, नरेंद्र शाक्य, धर्मेंद्र मीणा और भोलेराम मांझी सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!