आगरा से सिंगरौली जा रहे थे दंपती

मुरैना के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाइवे-44 पर यह सड़क हादसा शनिवार दोपहर को हुआ। आगरा के भूरिया गंज के रहने वाले 50 वर्षीय आशीष सिसौदिया अपनी 42 वर्षीय पत्नी प्रवेश के साथ स्कूटी पर सवार होकर यात्रा कर रहे थे। वे दोनों आगरा से चिन्नौनी क्षेत्र के सिंगरौली गांव की तरफ जा रहे थे।

सिकरौदा नहर चौराहे पर हुआ भीषण हादसा

जब यह दंपती सिकरौदा चौराहे से नहर मार्ग की तरफ मुड़ रहे थे, तभी सामने से आ रहे एक अनियंत्रित कंटेनर ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने आशीष को मृत घोषित कर दिया।

हादसे में घायल हुईं पत्नी प्रवेश का इलाज अस्पताल में जारी है। मृतक आशीष ने हेलमेट पहन रखा था जिससे उनके सिर में चोट तो नहीं आई, लेकिन जबड़े और छाती पर गंभीर चोटें लगने के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। बताया जा रहा है कि यह दंपती प्रवेश के ताऊ के यहां आयोजित 'पटा' कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आ रहे थे।

खूनी पुलिया बन चुका है सिकरौदा नहर मार्ग

घटना की सूचना मिलने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम हाउस भिजवा दिया है और फरार अज्ञात कंटेनर चालक की तलाश शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों के अनुसार जिस पुलिया के पास यह दुर्घटना हुई है, वहां बीते चार वर्षों में यह सातवीं मौत है।

वर्ष 2023 से लेकर अब तक इस स्थान पर कुल 6 सड़क हादसे हो चुके हैं जिनमें यह सातवीं जान गई है। मुख्य वजह यह है कि नहर की पुलिया के पास हाइवे कुछ सकरा है और नहर रोड पर अनियंत्रित वाहनों की पार्किंग तथा हाथ ठेलों के कारण हमेशा दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।