सबलगढ़ नगर में गणेश चतुर्थी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर स्थानीय श्रद्धालुओं ने विभिन्न स्थानों पर पंडाल सजाकर पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ भगवान गणेश की प्रतिमाएं स्थापित की हैं। बप्पा के आगमन को लेकर भक्तों की टोलियों में विशेष उमंग और उत्साह देखने को मिल रहा है।

भव्य सवारी के साथ पहुंची प्रतिमाएं

सोमवार की रात करीब 9 बजे राम मंदिर से मंडी संतर नंबर 2 तक भगवान गणेश की 10 फीट ऊंची विशाल प्रतिमा की सवारी निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इसके अलावा अन्य स्थानों पर 8 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा की स्थापना की गई। बारिश की आशंका के मद्देनजर भक्तों ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे।

देर रात तक पंडालों में आकर्षक लाइटिंग और सजावट का काम चलता रहा। कई प्रमुख स्थानों पर देर शाम भव्य महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पहुंचकर लोगों ने भगवान गणेश की आराधना की।

शहर में दर्जनभर से अधिक स्थानों पर सजे पंडाल

नगर में एक दर्जन से अधिक प्रमुख स्थलों पर गणपति बप्पा को विराजमान किया गया है। इनमें मंडी संतर के तीनों नंबर, धर्मपुरी गली, तिपटा बाजार, डिगर्रा गली, पूर्व पार्षद विवेक शर्मा के सामने, लक्ष्मण गली, रामसहाय गली और पिपरधान रोड शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त सीतापुर बस्ती, बेनीपुरा, रानी कुआं रोड, पोस्ट ऑफिस के पास, चंबल कॉलोनी और बद्धपुरा रोड पर भी गणेश पंडालों में उत्साह का माहौल है।

दस दिनों तक रहेगी उत्सव की धूम

हिन्दू धर्म में गणेश चतुर्थी का पर्व प्रथम पूज्य भगवान गणेश के जन्मोत्सव और उनके आशीर्वाद की प्राप्ति के प्रतीक के रूप में मनाया जाता है। अब आगामी दस दिनों तक पूरे सबलगढ़ नगर में गणेश उत्सव की धूम रहेगी और सुबह-शाम नियमित रूप से पूजा-अर्चना का दौर चलेगा।