ग्वालियर-चंबल अंचल के अंबाह कस्बे में चोरी की एक वारदात सामने आई है। यहाँ दोहरी रोड पर अंबेडकर पार्क के नजदीक स्थित एक किराना दुकान को अज्ञात चोरों ने अपना निशाना बनाया।

शटर तोड़कर दिया वारदात को अंजाम

अज्ञात चोरों ने रात के समय दुकान का शटर तोड़ दिया और अंदर दाखिल हुए। चोरों ने दुकान का आधा शटर ही खोला था, जिस पर लोहे की रॉड या सब्बल से खोले जाने के स्पष्ट निशान भी पाए गए हैं।

सुबह के वक्त एक राहगीर युवक की नजर दुकान के खुले हुए शटर पर पड़ी। उस युवक ने तुरंत ही दुकान संचालक देवेंद्र सिंह गौतम को फोन पर इसकी सूचना दी।

अलमारी और गल्ले से चुराई नकदी

सूचना मिलते ही देवेंद्र सिंह गौतम आनन-फानन में अपनी दुकान पर पहुंचे। जब उन्होंने अंदर जाकर देखा तो दुकान में सामान तो सुरक्षित था, लेकिन नकदी गायब मिली।

दुकानदार के मुताबिक, चोर अलमारी में रखे लगभग 30 हजार रुपए नकद और काउंटर पर रखे गल्ले से 2 हजार रुपए निकाल कर अपने साथ ले गए। हालांकि, किराना सामग्री और अन्य सामान जस का तस अपनी जगह पर रखा मिला।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित दुकानदार देवेंद्र सिंह गौतम ने स्थानीय अंबाह थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी बात बताई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।