शहर के जीवाजीगंज क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह कोचिंग के लिए आए छात्रों के दो गुटों के बीच का विवाद हिंसक रूप ले बैठा। दोनों पक्षों के छात्र बीच सड़क पर आ गए और बेल्ट, लात-घूंसों से एक-दूसरे पर टूट पड़े। इस दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बीच सड़क पर छात्रों के बीच जमकर मारपीट

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह करीब 9 बजे कुछ छात्र मुंह ढके हुए मौके पर पहुंचे और उन्होंने एक छात्र को खींचकर पीटना शुरू कर दिया। जब दूसरे छात्रों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो विवाद और बढ़ गया। देखते ही देखते दोनों गुटों के छात्र एक-दूसरे से भिड़ गए और करीब काफी देर तक मारपीट चलती रही।

मारपीट का वीडियो वायरल

इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसे मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड किया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे छात्रों के दो गुट सड़क पर खुलेआम एक-दूसरे से मारपीट कर रहे हैं और आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई है।

पुलिस ने नाबालिगों को पकड़ा

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस फौरन मौके पर पहुंची। पुलिस ने झगड़ा कर रहे छात्रों को पकड़कर थाने पहुंचाया। पुलिस का कहना है कि मारपीट में शामिल सभी छात्र नाबालिग हैं।

फिलहाल, पुलिस विवाद के कारणों का पता लगाने में जुटी है। प्रारंभिक पूछताछ में झगड़े की वजह साफ नहीं हो सकी है। पुलिस छात्रों और उनके परिजनों से पूछताछ कर रही है और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।