मुरैना जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में राहगीर को अपनी गाड़ी में बैठाकर लूटपाट करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने दबोच लिया है। यह सनसनीखेज वारदात 27 अगस्त को लालौर फाटक-अंबाह बायपास के पास अंजाम दी गई थी।

क्या था पूरा मामला

लालौर निवासी 49 वर्षीय रामकरन पुत्र दोजीराम जाटव ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपियों ने उन्हें चार पहिया वाहन में लिफ्ट देने के बहाने अंदर बैठाया था। इसके बाद रास्ते में उनके साथ मारपीट की गई और 10,200 रुपये नकद, एक मोबाइल तथा आधार कार्ड छीन लिया गया।

फरियादी की शिकायत के आधार पर सिविल लाइन थाने में अपराध क्रमांक 399/26 के तहत बीएनएस की धारा 394 और 11/13 एमपीडीपीके एक्ट के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना ने आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।

सीसीटीवी और मुखबिर की मदद से पकड़े गए आरोपी

मामले की जांच के लिए बनाई गई पुलिस टीम ने घटनास्थल और उसके आसपास के रास्तों पर लगे तमाम सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही, मुखबिर तंत्र को भी पूरी तरह सक्रिय किया गया ताकि संदिग्धों का सुराग लगाया जा सके।

पुलिस को 3 सितंबर को पुख्ता सूचना मिली कि वारदात में संलिप्त संदिग्ध शिवलालपुरा नहर के पास हनुमान मंदिर के आसपास देखे गए हैं। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस बल ने मौके पर दबिश दी और चारों आरोपियों को धर दबोचा।

बरामदगी और आरोपियों की पहचान

पकड़े गए आरोपियों की पहचान इशू पुत्र सीताराम, अमीन खां पुत्र जब्बार खां, आकाश पुत्र राजू जाटव और धर्मवीर पुत्र रामवरन जाटव के रूप में की गई है।

पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपियों के पास से लूटे गए रुपयों में से 8,200 रुपये, लूटा गया मोबाइल फोन और आधार कार्ड बरामद कर लिया गया है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई सेंट्रो कार को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार कुल बरामद मशरूका की कीमत लगभग 2.28 लाख रुपये है।