कैलारस रेस्ट हाउस में हुई मुलाकात

शनिवार को जिले के प्रभारी मंत्री करण सिंह वर्मा के कैलारस आगमन पर स्थानीय विधायक पंकज उपाध्याय ने रेस्ट हाउस पहुंचकर उनसे भेंट की। इस दौरान विधानसभा क्षेत्र से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा की गई और क्षेत्रवासियों की समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर एक ज्ञापन सौंपा गया।

शक्कर कारखाने के संचालन का उठा मुद्दा

दिए गए ज्ञापन में बंद पड़े कैलारस शक्कर कारखाने को फिर से शुरू करने का मामला प्रमुखता से उठाया गया। विधायक ने मांग की कि कारखाने के संचालन के लिए निकाली गई ईओआई की शर्तों में जरूरी बदलाव किए जाएं। साथ ही, कारखाने की पूरी जमीन को लीज पर देकर इसे सहकारिता के माध्यम से संचालित किया जाए, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिल सके और क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ें।

अतिवृष्टि से नुकसान और खाद संकट पर चर्चा

इसके अलावा, शहर और ग्रामीण इलाकों में भारी बारिश से फसलों व अन्य संपत्तियों को हुए नुकसान का निष्पक्ष सर्वे कराने की मांग की गई। प्रभावित परिवारों को जल्द से जल्द मुआवजा देने और जलभराव की समस्या से निपटने के लिए मजबूत जल निकासी व्यवस्था बनाने पर भी जोर दिया गया। इसके साथ ही क्षेत्र में खाद की किल्लत का मुद्दा उठाते हुए पर्याप्त मात्रा में खाद की उपलब्धता और वितरण प्रणाली को पारदर्शी बनाए जाने की मांग रखी गई।

इस अवसर पर विधायक के साथ ज्ञापन सौंपने वालों में किसान नेता अशोक तिवारी, गयाराम धाकड़, हरेंद्र जादौन, शम्मा कुर्रेशी, ओमप्रकाश श्रीवास, नीकाराम त्यागी, सतेंद्र सोलंकी और नीरज जाटव समेत कई अन्य लोग भी मौजूद रहे।