मुरैना शहर के बाल निकेतन रोड पर स्थित बांदिल नर्सिंग होम एंड हॉस्पिटल में मंगलवार को उस वक्त तनाव की स्थिति बन गई, जब वहां भर्ती एक 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।

सड़क हादसे के बाद कराया गया था भर्ती

मृतक की पहचान राहुल जाटव (27) पुत्र रामहेत जाटव के रूप में हुई है, जो सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम सहराना के रहने वाले थे। परिजनों के अनुसार राहुल का 17 सितंबर को इंदौर में एक्सीडेंट हो गया था, जिसमें उनका पैर टूट गया था। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मुरैना लाया गया था और सोमवार को इस निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

ऑपरेशन के बाद बिगड़ी थी तबीयत

परिजनों का कहना है कि सोमवार शाम को राहुल की जांघ का ऑपरेशन किया गया था। ऑपरेशन के बाद से ही उनकी रात में तबीयत बिगड़ने लगी थी। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने कई बार डॉक्टर को बुलाने का प्रयास किया, लेकिन डॉक्टर मौके पर नहीं पहुंचे और केवल फोन पर ही नर्सिंग स्टाफ को निर्देश देते रहे।

मृतक की बहन राजेश्वरी और भाई जितेंद्र ने बताया कि रातभर राहुल की हालत खराब होती गई और उनका पेट भी फूलने लगा था। सुबह जब डॉक्टर पहुंचे, तब तक राहुल दम तोड़ चुके थे। परिजनों ने चाय पीने के बाद मौत होने और ओवरडोज दिए जाने का संदेह जताया है।

शव लेने से इनकार और पुलिस की मौजूदगी

युवक की मौत के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों और स्टाफ के बीच झूमा-झटकी और विवाद की स्थिति बन गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रण में लिया। परिजन अस्पताल को सील करने और डॉक्टर के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग पर अड़े हुए हैं।