अंचल में चंबल नदी से होने वाले अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर लगाम कसने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सख्त हो गया है। इसी क्रम में मुरैना जिले में पुलिस ने रात्रि कालीन निगरानी और सघन चेकिंग अभियान को और अधिक बढ़ा दिया है।
एसपी ने खुद संभाली कमान, आधी रात को सड़कों पर उतरे
मंगलवार की दरमियानी रात पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना ने जिले में स्थापित किए गए स्थायी और अस्थायी पुलिस नाकों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने इस दौरान मैदानी अमले की सक्रियता परखी और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से रात्रि गश्त के प्रबंधों की जानकारी प्राप्त की।
देवरी से रेलवे स्टेशन तक लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा
अपने इस रात्रि दौरे के दौरान एसपी ने वन विभाग के देवरी चेक पोस्ट, देवपुरी मंदिर तथा अल्लावेली चौकी समेत कई संवेदनशील इलाकों का प्रत्यक्ष मुआयना किया। इसके साथ ही उन्होंने शहर के रेलवे स्टेशन और उसके आसपास के क्षेत्रों में भी पुलिस व्यवस्था और गश्त की स्थिति को परखा।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मातहत अधिकारियों को निर्देश दिए कि चंबल घाटों से निकलने वाले संभावित मार्गों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। रात के वक्त गुजरने वाले हर संदिग्ध वाहन की बारीकी से जांच की जाए ताकि अवैध परिवहन पर पूरी तरह रोक लग सके.
रेत परिवहन करने वाले वाहनों के दस्तावेजों की होगी जांच
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि रेत ले जाने वाले वाहनों के वैध दस्तावेजों और अनुमति पत्रों की कड़ाई से जांच की जाए। यदि जांच के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर त्वरित कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उन्होंने रात्रि ड्यूटी में तैनात बल को आपसी तालमेल के साथ मुस्तैद रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील मार्गों पर लगातार पेट्रोलिंग करने और औचक चेकिंग अभियान जारी रखने को कहा गया है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!