एमएस रोड पर मची अफरा-तफरी

मुरैना शहर में आवारा गोवंश की वजह से आए दिन सड़क हादसे सामने आ रहे हैं। ताजा घटनाक्रम रविवार देर शाम का है, जब व्यस्त रहने वाली एमएस रोड पर दो सांड अचानक आपस में भिड़ गए।

आपस में लड़ रहे इन सांडों ने वहां से गुजर रहे राहगीरों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी तेज थी कि एक स्कूटी चालक और एक रिक्शा की तरफ से जा रहा अन्य राहगीर गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

सरकारी गोशाला के बावजूद सड़कों पर घूम रहे मवेशी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले एक सांड अनियंत्रित होकर स्कूटी सवार से जा टकराया और फिर पास ही खड़े रिक्शा से जा भिड़ा। इस अप्रत्याशित घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

गौरतलब है कि आवारा पशुओं को सुरक्षित रखने के लिए प्रशासन द्वारा देवरी क्षेत्र में शासकीय गोशाला का संचालन किया जा रहा है। इसके बावजूद शहर के मुख्य मार्गों और चौराहों पर मवेशी खुलेआम घूमते नजर आते हैं।

नगर निगम की कार्यप्रणाली पर उठ रहे गंभीर सवाल

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि नगर निगम द्वारा समय-समय पर आवारा गोवंश को पकड़कर गोशाला भेजने की ठोस कार्रवाई की जाए, तो इस तरह के हादसों पर काफी हद तक लगाम लग सकती है।

प्रमुख मार्गों पर मवेशियों का यूं लड़ना वाहन चालकों और पैदल चलने वालों की जान के लिए बड़ा खतरा बन चुका है। नियमित रेस्क्यू अभियान न चलाए जाने से स्थानीय लोगों में जिम्मेदारों के प्रति रोष व्याप्त है।

इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया जानने के लिए जब नगर निगम कमिश्नर सतेंद्र सिंह धाकरे से संपर्क साधने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने फोन कॉल रिसीव नहीं की।