गांव लौट रहे किसान को दो गाड़ियों में आए बदमाशों ने घेरा
मुरैना के सिविल लाइन थाना अंतर्गत आने वाले निबी गांव में रविवार की सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां रहने वाले 50 वर्षीय किसान नवल कुशवाहा पुत्र लज्जाराम कुशवाहा अपनी भैंस लेकर सुबह-सुबह घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में दो चार पहिया वाहनों में सवार होकर 8 से 10 बदमाश वहां आ धमके और किसान को घेर लिया।
विरोध करने पर की मारपीट और अड़ा दिया कट्टा
बदमाशों ने पहले किसान से गांव का रास्ता पूछा और फिर अचानक उनके हाथ से लाठी छीनकर उन्हें दबोच लिया। वे करीब 1.20 लाख रुपए कीमत की उस भैंस को अपने साथ ले जाने लगे। जब किसान नवल कुशवाहा ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने लाठी-डंडों, बेसबॉल बैट और लोहे के सरियों से उन पर हमला कर दिया। इतना ही नहीं, जान से मारने की नीयत से बदमाशों ने उन पर कट्टा भी अड़ा दिया।
घायल किसान ने अपनी जान बचाने के लिए बदमाशों से कहा कि तुम भैंस ले जाओ और मुझे बख्श दो।
ग्रामीणों की भीड़ जुटी तो छोड़कर भागे वाहन और भैंस
हमले के दौरान हुए हंगामे और शोरगुल को सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके की तरफ दौड़ पड़े। जैसे ही बदमाशों ने देखा कि वहां लोगों की भीड़ जमा हो रही है, वे घबरा गए और भैंस को मौके पर ही छोड़कर अपने दोनों वाहनों से फरार हो गए।
पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश और जांच
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और घायल किसान को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। पीड़ित किसान के अनुसार, अधिकांश बदमाशों ने अपने चेहरे कपड़ों से ढके हुए थे, जबकि एक बदमाश का चेहरा खुला था जिसके पैर पर प्लास्टर चढ़ा हुआ था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!