ग्वालियर से पोरसा की तरफ डीएपी खाद लेकर जा रहा एक ट्रक शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे हादसे का शिकार हो गया। नेशनल हाईवे-552 पर दिमनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गोठ श्यामपुर गांव के पास यह घटना घटी है।

अचानक सामने आई कार से बिगड़ा संतुलन

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, ट्रक (एमपी 07 एचबी 5352) जब हाईवे से गुजर रहा था, तभी अचानक एक कार उसके सामने आ गई। उस वाहन को बचाने के चक्कर में चालक नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सड़क पर ही पलट गया।

सड़क पर बिखर गईं खाद की बोरियां

इस दुर्घटना के वक्त ट्रक में डीएपी खाद की करीब 550 बोरियां भरी हुई थीं। पलटने के कारण ये सभी बोरियां सड़क पर बिखर गईं, जिससे कुछ देर के लिए यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई। इस भीषण हादसे में ट्रक ड्राइवर घायल हो गया है।

सोसाइटी के लिए भेजी जा रही थी खाद

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और सेथरा अहीर सोसाइटी के सचिव तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए। अधिकारियों की मौजूदगी में सड़क पर बिखरी खाद को समेटकर दूसरे ट्रक में लोड किया गया और उसे सुरक्षित सोसाइटी भेजने की व्यवस्था की गई।